देहरादून: डोईवाला शुगर मिल में गणतंत्र दिवस के मौके पर ध्वजारोहण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है। इस दौरान सुरक्षा कर्मी से भूलवश राइफल से गोली चल गई। गोली के छर्रे ध्वजारोहण की तैयारी कर रहे अधिशासी निदेशक वरिष्ठ पीसीएस अफसर दिनेश प्रताप (डीपी) सिंह के पेट में जा लगे। इससे वह घायल हो गए। हालांकि, उनके जज्बे को सलाम है। घायल होने के बाद भी उन्होंने न सिर्फ ध्वजारोहण किया, बल्कि राष्ट्रगान के बाद संविधान के पालन और रक्षा की शपथ भी दिलाई।
बताया जा रहा है कि डोईवाला शूगर मिल में ध्वजारोहण के बाद हर्ष फायरिंग की परंपरा है। इसी परंपरा के लिए सुरक्षाकर्मी हर्ष फायरिंग के लिए मोर्चा जमा रहा था। राइफल का मुंह सामने ध्वजारोहण के लिए खड़े अधिशासी निदेशक डीपी सिंह की तरफ था, तभी अचानक फायर हो गया। गनीमत रही कि गोली थोड़ी दूर पर जमीन से जा टकराई। हालांकि, उससे निकले 312 बोर के छर्रे अधिशासी निदेशक के पेट में जा लगे।

ध्वजारोहण के दौरान इतनी बड़ी चूक हो जाने से हर कोई सकते में दिखा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें सुरक्षा कर्मी सफाई देते हुए कह रहा है कि स्लिप हो गया सर। वह इस चूक के लिए सॉरी कह रहे हैं। दूसरी तरफ अधिशासी निदेशक सुरक्षा कर्मी से गन लेने के लिए कहते हैं। साथ ही कहते हैं कि सॉरी से कुछ नहीं होता है। यही गोली किसी को लग जाती तो?
सुरक्षा कर्मी निलंबित, बैठाई जांच
गोली चलने की घटना के बाद अधिशासी निदेशक डीपी सिंह शुगर मिल के सुरक्षाकर्मी को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही प्रकरण की जांच के लिए कमेटी भी गठित कर दी गई। गोली चलने के वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि गोली किन परिस्थितियों में चली। खैर, गोली किसी को लगी नहीं, फिलहाल इसी बात का संतोष व्यक्त किया जा रहा है।
सिनर्जी को कराया उपचार, निपटाया काम
बताया जा रहा है कि गोली के छर्रे लगने के बाद भी साहसी पीसीएस अफसर ने ध्वजारोहण की अपनी सभी जिम्मेदारियों को निभाया। हालांकि, जब खून अधिक बहने लगा और दर्द बढ़ता गया तो उन्हें उपचार के लिए दून के सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह बात भी सामने आ रही है कि उपचार के बाद भी पीसीएस अफसर ने शाम तक रूटीन के आवश्यक काम निपटाए। उनके जज्बे की प्रशंसा की जा रही है।
गार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज
डोईवाला शुगर मिल में गार्ड की लापरवाही से हर्ष फायरिंग करने पर अधिकारी के घायल होने की घटना के वायरल वीडियो का एसएसपी देहरादून ने लिया है। उन्होंने तत्काल थाना डोईवाला को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि शुगर मिल में नियुक्त सुरक्षा गार्ड सुभाष वर्मा की ओर से हर्ष फायरिंग की गई। गार्ड की ओर से लापरवाही व उपेक्षापूर्ण तरीके से हर्ष फायरिंग किये जाने पर बन्दूक से चली गोली नीचे जमीन पर लगकर गोली के छर्रे सीधे शुगर मिल डोईवाला के अधिशासी निदेशक के पेट पर लगे, जिससे वह घायल हो गए।

More Stories
Big Breaking:एलयूसीसी घोटाले में CBI ने 18 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
BKTC में अनुशासनहीनता पर गिरी गाज, व्यक्तिगत सहायक निलंबित, जांच के लिए समिति गठित
बिजनौर में हुआ विवाद दून में चली गोली, रिंग रोड पर हुई फायरिंग का खुलासा, 3 अरेस्ट