अपराध

मामूली सी बात पर दो समुदाय हुए आमने-सामने, पुलिस ने फटकारी लाठियां

हरिद्वार : हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब कार-स्कूटी की मामूली टक्कर के बाद दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मौके की स्थिति को भांपते हुए लाठियां फटकार कर दोनों समुदाय के लोगों को दूर तक खदेड़ दिया।
घटना हरिद्वार के मोहल्ला चौहनान की है। रविवार दोपहर मुस्लिम धर्मगुरू मौलाना आरिफ स्कूटी पर सवार होकर मुख्य सड़क की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मोहल्ला चौहनान में रहने वाला युवक वासु चौहान अपनी कार निकाल रहा था। तभी कार-स्कूटी की हल्की सी टक्कर हो गई। मौलाना आरिफ ने इसका विरोध किया तो युवक से उनकी कहासुनी हो गई। इधर, एक राहगीर ने मौलाना के साथ कहासुनी कर रहे युवक को समझाना बुझाना चाहा। 
आरोप है कि युवक ने राहगीर के थप्पड़ जड़ दिए। उस वक्त मौलाना आरिफ एवं राहगीर चले गए। मौलाना के साथ हुए विवाद की सूचना मिलने पर आस पास के मोहल्लों के लोग एकत्र होकर मुख्य सड़क पर उतर आए। इधर, दूसरे पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए। दो समुदाय के उलझने की सूचना मिलने पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
मामला शांत न होने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठियां फटकार कर उन्हें दूर खदेड़ दिया। जानकारी मिलने पर आला अफसर भी सक्रिय हो गए। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह के प्रयास कराते हुए युवक ने मौलाना से मोबाइल फोन पर खेद प्रकट किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button