September 9, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

दून में हाथी के हमले में रेस्टोरेंट संचालिका की मौत, घर जाते समय हाथी ने किया हमला

देहरादून: रायपुर क्षेत्र में हाथी के हमले में घायल हुई 37 वर्षीय महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला अपने रेस्टोरेंट से घर लौट रही थी, इसी दौरान रास्ते में हाथी ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अंजली गुप्ता, निवासी धनियाडी, भोपालपानी, उम्र 37 वर्ष के रूप में हुई है। अंजली धनियाडी क्षेत्र में अर्णना फूड नाम से रेस्टोरेंट चलाती थीं। बताया गया कि सोमवार शाम वह रेस्टोरेंट से अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने महिला को पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन महिला को उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने महिला को बचाने के लिए उपचार किया, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से महिला की मृत्यु का डेथ मेमो थाना डालनवाला को प्राप्त हुआ, जिसके बाद संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर थाना रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के मुताबिक मृतका के पति निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वन क्षेत्र से सटे इलाकों में हाथियों की आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About Author