September 20, 2024

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

जन्मभूमि पहुंचकर भावुक हुए योगी, बोले उत्तराखंड को बचाने के लिए पलायन को रोकना जरूरी, यूपी में अब तक एक लाख माइक उतारे

Spread the love

यमकेश्वर: पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लाक के अंतर्गत बिथ्याणी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया। जन्मभूमि पहुंचकर योगी भावुक हो गए।उत्तराखंड से हो रहे पलायन पर चिंता जताते हुए योगी ने कहा कि उत्तराखंड को बचाने के लिए जल संरक्षण से जुड़ना होगा और  प्राकृतिक सौंदर्य को बचाना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता का सौभाग्य है कि गुरु महंत अवेद्यनाथ जी का जन्म इसी पावन धरती पर हुआ। इस दौरान उन्होंने अपने गुरुओं को भी सम्मानित किया। 

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से गंगोत्री व यमुनोत्री आने का न्यौता मिला था, लेकिन आज ईद होने के कारण वह एक बजे तक लखनऊ में रहे। उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ की आबादी होने के बावजूद कहीं सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी गई। यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था का सम्मान होना चाहिए।ऐसा नहीं कि आस्था के सामने आमजन की समस्याओं को नजरंदाज करें।आस्था के नाम पर भावनाओं के साथ खिलवाड़ किसी को नहीं करने देंगे। 

उन्होंने कहा कि यूपी में अनावश्यक माइक उतर रहे हैं। एक लाख से अधिक से माइक उतर चुके हैं। अब कोई शोरगुल नहीं है। अब अनावश्यक शोर गुल में पढ़ाई व बीमार के स्वास्थ्य पर बुरा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि माइक बजाने वाले को ही पता नहीं चलता था कि वह क्या बोल रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद हरीश रावत व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेेंद्र सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत,पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज मौजूद रहे। 

About Author