August 18, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

पुलिसकर्मियों के 4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर पीएचक्यू कुच, पुलिस ने रोका

देहरादून। वर्ष 2001 और 2002 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिए जाने की मांग एक बार फिर सियासी और सामाजिक चर्चा का विषय बन गई है। इसी मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न संगठनों ने देहरादून के परेड ग्राउंड से पुलिस मुख्यालय की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुलिस कर्मियों के साथ न्याय करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन में कई सामाजिक संगठनों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े नेताओं ने भी भाग लिया। हालांकि, इस बार पुलिस कर्मियों के परिवारों की मौजूदगी बेहद कम रही। वर्ष 2022 के आंदोलन की तुलना में प्रदर्शन का स्वरूप अलग नजर आया, क्योंकि बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य सड़कों पर दिखाई नहीं दिए। माना जा रहा है कि कार्रवाई की आशंका और विभागीय दबाव के चलते पुलिस कर्मियों के स्वजन खुलकर आंदोलन में शामिल होने से बचते रहे।

जुलूस जब पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़ा तो पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे पार करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाकर कुछ देर बाद नीचे उतार दिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण जरूर रही, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए हालात को नियंत्रण में रखा और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ खुफिया इकाई (एलआईयू) के अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे। बताया गया कि एलआईयू द्वारा प्रदर्शन में शामिल पुलिस परिवार से जुड़े लोगों की पहचान भी कराई गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्ष 2001 और 2002 बैच के पुलिस कर्मियों के साथ लंबे समय से ग्रेड पे को लेकर अन्याय हो रहा है। उनका आरोप है कि सरकार ने कई बार आश्वासन दिए, लेकिन अब तक 4600 ग्रेड पे की मांग पूरी नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

वर्ष 2022 में भी उठा था मुद्दा

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले भी 4600 ग्रेड पे का मुद्दा जोर-शोर से उठा था। उस समय बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के परिवार सड़क पर उतरे थे और लगातार आंदोलन चलाया था। आंदोलन के बाद सरकार ने पुलिस कर्मियों को 4200 ग्रेड पे देने के साथ पदोन्नति का लाभ भी दिया था। हालांकि, 4600 ग्रेड पे की मांग अधूरी रह गई, जिसे लेकर अब फिर आंदोलन तेज होता दिखाई दे रहा है।

विधानसभा चुनाव देख फिर गरमाया मुद्दा

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही यह मुद्दा फिर राजनीतिक रूप से गर्माने लगा है। प्रदर्शनकारियों का मानना है कि चुनावी माहौल में सरकार पर उनकी मांग मानने का दबाव बढ़ेगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है और क्या 4600 ग्रेड पे का लंबे समय से चला आ रहा विवाद इस बार किसी समाधान तक पहुंच पाएगा।

About Author