March 29, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

दून पुलिस का बड़ा एक्शन: बरेली के 2 तस्कर समेत 3 गिरफ्तार, स्मैक बरामद

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल की सटीक रणनीति के तहत दून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सेलाकुई पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 12.20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 को सेलाकुई क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुर्बान अहमद (35) निवासी शंकरपुर, सहसपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में कुर्बान ने खुलासा किया कि वह मजदूरी करता है और जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी में शामिल हुआ। उसने बताया कि बरेली निवासी मुजम्मिल उर्फ लल्ला शाह और शादाब अली ने उसे स्मैक बेचकर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया था। वह उन्हीं से स्मैक खरीदकर स्थानीय नशेड़ियों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

कुर्बान से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से मुजम्मिल और शादाब को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना सेलाकुई की पुलिस टीम, जिसमें थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, उपनिरीक्षक प्रवेश रावत समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे, की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

About Author