देश विदेश

व्यवस्थित चलेगी चारधाम यात्रा, IG ने बनाया माइक्रो प्लान, एक फोन पर होगा यात्रियों की समस्याओं का समाधान

देहरादून: चारधाम यात्रा सुरक्षित व व्यवस्थित चलाने के लिए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने माइक्रो प्लान तैयार किया है। यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की किसी भी समस्या का समाधान एक फोन पर हो सकेगा। इसके लिए चारधाम कंट्रोल रुम की ओर से दो हेल्पलाइन नंबर 9897846203 व 0135-2714484 जारी किए हैं। कंट्रोल 24 घंटे चलेगा। तीर्थयात्री को किसी भी तरह की समस्या सामने आती है तो वह कंट्रोल रूम में फोन कर सकते हैं, तत्काल उन्हें मदद उपलब्ध हो जाएगी। इसके साथ ही चारधाम कंट्रोल रुम में 12 डेस्कों का गठन किया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने सोमवार को चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम सकुशल संपन्न कराने के लिए डीआइजी अपराध एवं कानून व्यवस्था पुलिस मुख्यालय धीरेंद्र गुंज्याल सहित रेंज के सभी वरिष्ठ व पुलिस अधीक्षक, सहायक नोडल अधिकारी लोकजीत सिंह व यात्रा रूट पर ड्यूटी पर तैनात सभी निरीक्षक यातायात, थाना व चौकी प्रभारियों के साथ विडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग की।

इस दौरान चारधाम कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी लोकजीत सिंह ने बताया कि चारधाम कंट्रोल रूम यात्रा को सुचारू रूप से चलाने व यात्रियों की सुविधा के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इसके साथ ही 12 डेस्कों का गठन किया गया है। इनमें वेलफेयर मानिटरिंग डेस्क (पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, पीआरडी), सोशल मीडिया मानिटरिंग व मीडिया केवरेज डेस्क, डाटा कलेक्शन, सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय व एनजीटी संबंधित मैटर, नोडल आफिसर कोआर्डिनेटर डेस्क, स्टेक होल्डर संबंधी, फर्जी हेलीकाप्टर बुकिंग व फर्ली रजिस्ट्रेशन मानिटरिंग डेस्क, कानून व्यवस्था, वीवीआइपी व वीआइपी मूवमेंट, दुर्घटना, टोल प्लाजा व एएनपीआर कैमरा कोआर्डिनेशन डेस्क व ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व हाल्टिंग प्वाइंट शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में यात्रियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोर्ड (https://chardhamyatra.svinfotechsoftwaresolutions.com/) बनाया गया है। इसमें पार्किंग, ट्रैफिक प्लान, टूरिस्ट, हेली रजिस्ट्रेशन व हाल्टिंग प्वाइंट्स आदि संबधी सूचना यात्री आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इसे 14 भाषाओं में भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही एक हेल्पबुक जारी की गई है, जिसमें चारधाम यात्रा रूट पर लगे सभी कर्मचारियों को आपसी समन्वय यात्रियों को सही जानकारी प्रदान करने में सहायता प्राप्त होगी।

आइजी गढ़वाल ने दिए दिशा निर्देश

– कपाट खुलने से पूर्व यात्रा से संबंधित सभी तैयारियों को हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुगम व सुरक्षित बन सके।

– पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

– चारों धामों में जनपद और बाहर से आने वाले अतिरिक्त पुलिस बल के रहने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को तैयार करने के लिए संबंधित जिला प्रभारी को निर्देश दिए गए।

– यात्रा अवधि के दौरान सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से स्वयं भ्रमण पर रहेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहेंगे।

– यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी थाना प्रभारियों को अपने थाना क्षेत्र के व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और होटल व्यवसायियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा के दौरान बेहतर तालमेल बना रहे।

– यात्रा के दौरान इंटरनेट मीडिया पर विशेष सतर्कता रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्यवाही के लिए जनपद स्तर पर स्थापित इंटरनेट मीडिया मानिटरिंग सेल को निर्देशित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button