देहरादून: देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना रायवाला क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहनों की आपस में टक्कर के बाद आग लगने से अफरातफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज बस (UK04PA1678) की मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से जा भिड़ी। इसके बाद स्कॉर्पियो के पीछे आ रहा लोडेड ट्रक (HR46E0605) और महिंद्रा एक्सयूवी 3X0 (UK07HC5084) भी आपस में टकरा गए। देखते ही देखते पांच वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार बिजनौर निवासी कुसुम (30) पत्नी सचिन की मौत हो गई, जबकि सचिन (40) समेत कई लोग घायल हो गए। घायल सभी लोग देहरादून के झंडा मेले से अपने घर बिजनौर लौट रहे थे।
घायलों में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) शामिल हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

More Stories
SSP ने बदले थानाध्यक्ष, पदभार संभालने के बाद पहली लिस्ट की जारी
प्रेम प्रसंग के चलते MCA के छात्र-छात्रा ने एक दूसरे को मारा चाकू
दरिंदगी: पत्नी व बेटे की हत्या कर पति हुआ फरार, ऐसे खुला राज