पौड़ी। राठ क्षेत्र में 6 अगस्त को आई भीषण आपदा के बाद वहां की स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। इसी क्रम में रविवार को क्षेत्र के पूर्व सैनिकों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात करने पहुंचा। सुखबर विक्रम सिंह कटारी (सेवानिवृत्त) और पद्मश्री कन्हैया लाल पोखरियाल (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में पहुंचे 135 पूर्व सैनिकों ने आपदा प्रभावित गांवों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व सैनिकों ने बताया कि सैंजी, बुरांसी सहित कई गांवों में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। गांवों को जोड़ने वाले रास्ते और सड़कों का अस्तित्व मिट चुका है। पेयजल लाइनों और विद्युत आपूर्ति पर भी आपदा का गहरा असर पड़ा है। इन बुनियादी समस्याओं को तुरंत दुरुस्त करने की मांग प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के सामने रखी।
इसी के साथ पूर्व सैनिकों ने 108 एंबुलेंस सेवा के विस्तार, देवप्रयाग से पाबौ तक रेल लाइन सुरंग के निर्माण, हरगांव में प्राथमिक उपचार केंद्र खोलने और हर दो–तीन गांवों के बीच रेस्क्यू टीम तैयार करने का सुझाव भी दिया। उनका कहना था कि इस तरह की व्यवस्थाएं भविष्य में आपदा के समय जनहानि और असुविधा को कम करने में अहम साबित होंगी।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और तत्काल पाबौ में मौजूद सीएमओ, पेयजल अधिकारी तथा विद्युत विभाग (220 केवी) के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र की हर समस्या का प्राथमिकता से समाधान करेगी और किसी भी गांव को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर अशोक (ग्राम लैंस), जगमोहन बहुगुणा (मणकोली), विक्रम सिंह (कौंद्र), पृथ्वी चौहान (ग्वाड़िगांव), जगमोहन (अंगलोक), मनवर सिंह (सैंजी), नीता देवी (चुठानी) सहित अनेक ग्रामीण भी मौजूद रहे।

More Stories
DM का जनहित में बड़ा फैसला, यातायात का दम घोट रहे संडे बाजार को पटका शहर से बाहर
एक्शन मोड़ में DM: गेल को दी खुदाई की अनुमति निरस्त, 02 माह का प्रतिबंध
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने तड़के FRI पहुंचे डीएम