देहरादून: देहरादून के यूट्यूबर ने हरियाणा में सातवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। रूहिल रेजीडेंसी अपार्टमेंट में किराये पर रह रहे उत्तराखंड के यूट्यूबर युवक-युवती के बीच विवाद दोनों के अंत की वजह बन गया। शनिवार सुबह छह बजे सातवीं मंजिल की बालकनी से युवक ने गुस्से में पहले पार्टनर को फेंक दिया और फिर खुद भी कूद गया। दोनों ने दम तोड़ दिया। युवक गर्वित सिंह उर्फ गैरी (25) देहरादून के दून एन्कलेव और युवती नंदिनी कश्यप (25) रायपुर रोड स्थित शांति विहार की रहने वाली थी। दोनों काफी समय से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इन दिनों बहादुरगढ़ में शार्ट फिल्म बनाने के लिए टीम के साथ महीने भर से ठहरे हुए थे।
अपार्टमेंट के फ्लैट बी-701 में गर्वित और नंदिनी के साथ पूरी टीम थी। पांच और लोग थे। गर्वित दो-तीन दिन से घर गया था। शनिवार अल सुबह लौटा था। वह फ्लैट में पहुंचा। वहां बाकी टीम सदस्य पार्टी कर रहे थे। इस बीच गर्वित कमरे में नंदिनी के पास पहुंचा। दोनों इसी कमरे में रहते थे। कुछ देर बाद उनमें झगड़ा हो गया। दरवाजा अंदर से बंद था। वे झगड़ा करते हुए बालकनी में पहुंच गए। बाकी टीम के सदस्य उन्हें रोकने के लिए दूसरे कमरे की बालकनी में खड़े थे। बातचीत होती रही। एक सदस्य ने अनहोनी की आशंका में उनकी वीडियो बनानी चाही तो गर्वित ने रोक दिया। वह गुस्से में था। अगले ही पल उसने नंदिनी को ग्रिल के ऊपर से नीचे फेंक दिया। फिर खुद भी कूद गया।

यह देख बाकी टीम सहम गई। सभी सीढ़ियों से नीचे दौड़े। जब पहुंचे तो दोनों जमीन पर अचेत थे। खून बिखरा था। उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इधर, सेक्टर-छह थाना से पुलिस पहुंची। शव सिविल अस्पताल भेजे गए। पोस्टमार्टम रविवार को होगा। गर्वित और नंदिनी काफी समय से साथ थे। यूट्यूब पर उनके कई सारे वीडियो हैं। नंदिनी ने साल भर पहले वेब शो में काम किया था। उस दौरान की वीडियो भी गर्वित के साथ है। उनके बीच विवाद कई दिनों से था। सेक्टर-छह थाना एसएचओ महेश कुमार ने बताया कि युवक-युवती के स्वजन शाम को यहां पहुंचे। उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अब आगामी कार्रवाई की जा रही है।
देहरादून निवासी गर्वित को शुक्रवार की रात एक फोन काल आई और वह बहादुरगढ़ के लिए निकल गया। शनिवार सुबह लगभग पांच बजे वह बहादुरगढ़ पहुंचा तो उसने फोन पर अपने पिता को पहुंचने की जानकारी भी दी। इसके कुछ समय बाद ही उसकी माैत की खबर ही आ गई। घटना की सूचना मिलने के बाद गर्वित और नंदिनी के परिवार वाले एकसाथ बहादुरगढ़ के लिए रवाना हो गए।
रात को परिजनों ने ही आइएसबीटी छोड़ा
पड़ोसियों ने बताया कि गर्वित तीन दिन पहले ही अपने घर आया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को गर्वित के मोबाइल पर एक फोन आया था। फोन सुनने के बाद उसने परिवार वालों से कुछ नहीं कहा और बहादुरगढ़ के लिए निकल गया। परिवार वालों ने ही उसे आइएसबीटी तक छोड़ा था। जानकारी के अनुसार गर्वित सुबह करीब पांच बजे बहादुरगढ़ पहुंचा और इसकी जानकारी स्वजनों को दी। शनिवार सुबह करीब आठ बजे परिवार को फोन आया कि गर्वित ने बहादुरगढ़ में नंदिनी के साथ बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली है।
नंदिनी वेब सीरीज व थिएटर में कर चुकी है काम
बताया जा रहा है कि 21 नंदिनी को फिल्म इंडस्ट्रीज का शौक था। कम उम्र में ही उसने वेब सीरिज और थिएटर में काम करना शुरू कर दिया। वेब सीरिज में काम करते हुए मुंबई भी जा चुकी है। नंदिनी कश्यप शांति विहार विकास पुरम रायपुर रोड तपोवन की रहने वाली थी। उसके पिता प्रापर्टी डीलर का काम करते हैं जबकि उसकी एक छोटी बहन और एक भाई है। सूचना के बाद नंदिनी के पिता व परिवार के अन्य सदस्य भी गर्वित के घर पहुंच गए थे। दोनों परिवारों के लोग एकसाथ ही बहादुरगढ़ के लिए निकल गए। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार नंदिनी और गर्वित के रिश्ते से नाराज नहीं थे, इसके बावजूद उन्होंने आत्महत्या क्याें की, इसका कारण किसी को नहीं पता।

More Stories
किशोरी के साथ गैंगरेप के आरोपी रैफी को भेजा जेल, दो किशोर पहुंचे बाल सुधार गृह
अवैध खनन की शिकायत पर नप गई पूरी पुलिस चौकी, विडियो हुआ था वायरल
SSP ने बदले थानाध्यक्ष, पदभार संभालने के बाद पहली लिस्ट की जारी