देहरादून: निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल पर हमला करने के आरोप में रायपुर थाने में विधायक उमेश शर्मा काऊ व उनके समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में शिक्षा निदेशक ने कहा कि 21 फरवरी की दोपहर 12:10 बजे विधायक उमेश शर्मा काऊ एवं उनके कई समर्थक उनके कार्यालय कक्ष, निदेशालय प्रारंभिक शिक्षा ननूरखेडा पहुंचे। इसकी उन्हें पूर्व सूचना नहीं थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उस समय उनके कक्ष में कार्यालय कार्मिक एसपी डबराल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, मुकेश बहुगुणा व अन्य अधिकारी व कर्मचारी विभागीय कार्यों से संबंधित पत्रावलियों पर चर्चा कर रहे थे। विधायक ने उनके कक्ष में प्रवेश करते ही सभी कार्मिकों को गाली गलौच करते हुए बाहर निकलने के लिए कहा। उनके साथ आए उनके समर्थकों ने बाहर न जाने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी। विधायक के निर्देशों का पालन करते हुए कार्मिक बाहर निकल गए। कार्मिकों के बाहर निकलते ही विधायक ने अपने समर्थकों को दरवाजा बंद करने के लिए कहा और उनका फोन जब्त कर लिया।

शिक्षा निदेशक के अनुसार वह कक्ष में अकेले थे जबकि विधायक एवं उनके साथी उन्हें लगातार गालियां दे रहे थे। साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय का कार्य उनके सम्मुख ही निस्तारित करने के लिए कह रहे थे। उन्होंने विधायक को बताया कि प्रकरण शासन को प्रेषित किया गया है तथा इस पर निर्णय शासन स्तर से ही लिया जा सकता है। विधायक एवं उनके समर्थक लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे और धक्कामुक्की करते रहे। दरवाजा अंदर से बंद था व गाली गलौच की जा रही थी, जिसकी आवाज कक्ष से बाहर जा रही थी। विधायक के इस व्यवहार एवं उनके साथ आए समर्थकों की गुंडागर्दी को देखते हुए कार्यालय कार्मिक कक्ष के बाहर एकत्रित होने लगे और दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे।

निदेशक ने बताया कि किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए कार्मिकों ने 12.37 पर कंट्रोल रूम पर सूचना दी। रिपोर्ट करने के कुछ समय बाद कार्मिकों के जोर जबरदस्ती के बाद अंदर से दरवाजा खोला गया तथा कार्मिक अंदर आ गए। कार्मिकों ने कक्ष में आने के बाद बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विधायक एवं उनके साथी मारपीट पर उतारू हो गए और उन्होंने महिला कार्मिकों के साथ भी गाली गलौच एवं अभद्रता की। जब कार्मिकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो विधायक उमेश शर्मा व उनके समर्थकों ने जानलेवा हमला कर दिया और जो कार्मिक बचाव में आए उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनके कुछ कार्मिक घायल हो गए। इस अवधि में अन्य निकटवर्ती कार्यालयों के अन्य कार्मिक भी उनके कार्यालय में एकत्रित हो गए। बढ़ती भीड को देखते हुए विधायक एवं उनके साथ समर्थकों ने कार्यालय पत्रावलियों को फाड़ दिया व कुछ दस्तावेज साथ भी ले गए।

कक्ष में रखी कुर्सियां फेंकी, गोली मारने की दी धमकी
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपितों ने कक्ष में रखी कुर्सी उठाकर उनके ऊपर व अन्य कार्मिकों पर फेंकी और बाहर निकल गए। इस जानलेवा हमले में उनके आंख पर गंभीर चोटें आई जिसके बाद उन्हें तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया। कार्यालय में आए समर्थक कक्ष में हुई मारपीट से संतुष्ट नहीं हुए तथा उन्होंने कार्यालय के फर्नीचर तोड़ते हुए एवं गाली गलौच करते हुए बाहर निकल गए। निकलते समय विधायक के साथ आए समर्थकों ने धमकी दी कि अभी तो तू बच गया है अगली बार तुझ नहीं छोडेगे। साथ ही उन्हें व कार्मिकों को गोली मारने की भी धमकी दी गई। कार्यालय से बाहर निकलते ही उन्होंने प्रांगण में विधायक के साथ आए समर्थकों ने उनके विरुद्ध नारेबाजी भी की।

More Stories
भाजपा विधायक की मौजूदगी में शिक्षा निदेशक पर हमला, कमरा बंद करके पीटा, वीडियो
पुलिस लाइन में दौड़ लगाकर परखी फिटनेस, अनुशासन व लापरवाही पर फटकार
न्यायालयों की सुरक्षा होगी अभेद्य, तैनात होगा आतंक विरोधी दस्ता