एसएसपी अजय सिंह की देखरेख में एसपी सिटी प्रमोद कुमार, एसपी देहात जया बलूनी, सीओ डालनवाला अनुज कुमार व एसओजी की टीम ने 48 घंटे से पहले किया हत्याकांड का पर्दाफाश
देहरादून: गैस एजेंसी के मालिक व कारोबारी अर्जुन शर्मा हत्या के मामले का दून पुलिस ने 48 घंटे के अंदर ही पर्दाफाश कर दिया है। हत्याकांड में दून पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शूटरों को मुठभेड़ और मृतक की मां, उसके दोस्त व चिकित्सक को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया है। मां ने अपने परिचित के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए दो शूटरों को 12 लाख रुपये में हायर किया था, जिन्होंने रैकी करने बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में शूटर पंकज राणा निवासी इंदिरा कालोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, राजीव उर्फ राजू निवासी इंदिरा कालोनी, चक्खुवाला, मृतक की मां बीना शर्मा निवासी वसंत विहार, विनोद उनियाल निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट इंदर रोड डालनवाला और डा. अजय खन्ना निवासी ईसी रोड, डालनवाला के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि बुधवार को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर वसंत विहार की स्कूटी सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। इस मामले में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर उनकी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल, डा. अजय खन्ना, एसके मेमोरियल अस्पताल के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिशा निर्देश जारी कर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया। गुरुवार तड़के रायपुर थाना पुलिस ने लाडपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो वह फायर करते हुए जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया जोकि व्यक्ति के पैर पर लगी। आरोपी की पहचान राजीव उर्फ राजू निवासी इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला के रूप में हुई। उससे तमंचा बरामद हुआ। वहीं डोईवाला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पंकज राणा निवासी इंद्रा कालोनी चक्खुवाला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने परेड ग्राउंड तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें विनोद उनियाल ने सुपारी दी थी। आरोपी पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता था, जिसके कारण दोनों एक दूसरे को जानते थे। पंकज राणा ने हत्या के लिए अपने भाई पंकज राणा को तैयार किया, क्योंकि वह पूर्व में अपने सौतेले पिता की हत्या कर चुका है। विनोद उनियाल ने साजिश में अर्जुन शर्मा की मां व प्रापर्टी खरीदने व बेचने का काम करने वाले डा. अजय खन्ना का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

More Stories
फंदे पर झूल रहे व्यक्ति के लिए देवदूत बनी दून पुलिस, समय रहते बचाई जान
दहेज के लिए दरिंदगी की हद, नवविवाहित पत्नी का मुंह कंबल से दबाकर की हत्या
एसएसपी प्रमेंद्र की दो टूक, गलतफहमी न पालें छात्र, अराजकता फैलाई तो बख्शे नहीं जाएंगे