February 22, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

नशे और हुड़दंग का तांडव, 31 दिसंबर की रात 4 चालकों पर हमला

देहरादून: 31 दिसंबर की देर रात 09 युवकों के सिर ऐसा भूत सवार हुआ कि उन्होंने कई वाहनों को रोककर वाहन चालकों से मारपीट कर दी, वाहन तोड़ डाले और लूट का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन किशोर भी शामिल हैं, जिन्हें संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों से दो खुंखरी, एक नकली पिस्टल, तीन बेसबाल के डंडे, एक रिफ्लेक्टर पिलर व घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार शामिल है। इस मामले में दो आरोपित फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

गायक दीपक कुमार निवासी भंडारी बाग ने रायपुर थाने में तहरीर दी कि 31 दिसंबर की रात्रि में वह अपने साथियों के साथ टीएचडीसी टिहरी से अपने वाहन से देहरादून आ रहे थे। थानो रोड से पहले जंगल में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने हाकी-डंडो से उन पर हमला करते हुए उनकी स्कोडा कार को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के मीडिया सेल प्रभारी मंजीत सिंह राठौर निवासी लक्कड़घाट, खदरी खडकमाफ, श्यामपुर ऋषिकेश ने बताया कि 31 दिसंबर की देर रात वह एयरपोर्ट के पास थानो रोड से जा रहे थे, तभी स्विफ्ट कार में सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने गाली-गलौच कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनकी कार तोड़ दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि एक ही रात हुई घटनाओं के बाद क्षेत्र में भय का माहौल पैदा होने पर तत्काल थानाध्यक्ष रायपुर गिरीश नेगी व प्रभारी निरीक्षक डोईवाला प्रदीप कुमार राणा को तत्काल आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। शुक्रवार रात को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रायपुर स्टेडियम मार्ग से घटनाओं को अंजाम देने वाले पारस उम्र 20 वर्ष निवासी नंद कालोनी, नत्थूवाला, रायपुर, साहिल राणा उम्र 20 वर्ष निवासी बालावाला, रायपुर, प्रियांशू राणा उम्र 19 वर्ष निवासी सोड़ा सरोली, रायपुर और अमन उर्फ एमी उम्र 21 वर्ष निवासी गुजरोवाली, रायपुर को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा तीन किशोंरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि देर रात्रि लूट के इरादे से वाहनों को रुकवाकर उन्होंने वाहन चालकों के साथ मारपीट व वाहनों में तोड़फोड़ की थी, लेकिन वाहन चालकों ने मौके से अपने वाहनों को भगा दिया जिसके कारण वह अपने मंसूबे में कायमाब नहीं हो पाए। पूछताछ में घटनाओं में शामिल दो अन्य आरोपी धीरज व सागर के नाम भी प्रकाश में आए, जोकि जेन कार से घटनाओं के दौरान घटनास्थल के आगे-पीछे रहते हुए पुलिस व आने जाने वाले लोगो के मूवमेंट पर नजर रख थे। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

About Author