अपराध

विजिलेंस का शिकंजा: 29 घूसखोरों को जेल भेजा अब 19 के खिलाफ शासन से मांगी जांच की अनुमति

देहरादून: घूसखोर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विजिलेंस का शिकंजा कसता जा रहा है। विजिलेंस वर्ष 2024 में अब तक 29 घूसखोरों को सलाखों को पीछे पहुंचा चुकी है जबकि भ्रष्टाचार में लिप्त राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में तैनात 19 अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध जांच की अनुमति मांगी है। इसके लिए शासन से पत्राचार किया गया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद विजिलेंस इन अधिकारियों व कर्मचारियों की संपत्ति की जांच शुरू करेगी।

वर्तमान में विजिलेंस की ओर से आय से अधिक मामलों में 28 प्रकरणों की खुली जांच की जा रही है। इनमें तीन ट्रैप, 12 एफआइआर और 13 अन्य प्रकरणों की खुली जांच शामिल हैं। इन प्रकरणों को लेकर शासन की ओर से विजिलेंस को खुली जांच की अनुमति मिली हुई है। जिनकी विवेचना डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। निदेशक विजिलेंस डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि विजिलेंस की ओर से इस वर्ष आठ महीनों में प्रदेश भर में 22 ट्रैप किए गए, जिनमें सरकारी विभागों के 29 भ्रष्टाचारी अधिकारियों-कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार राजपत्रित अधिकारी और 25 गैर-राजपत्रित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में पुलिस विभाग से पांच, परिवहन विभाग के तीन, राजस्व विभाग के चार, शिक्षा विभाग के तीन, विद्युत विभाग के चार, राज्य कर विभाग का एक, आबकारी विभाग का एक, खेल विभाग का एक, वन विभाग का एक, शहरी विकास विभाग का एक, लघु सिंचाई विभाग का एक, पंचायती राज विभाग का एक, आवास विकास विभाग का एक, औद्यौगिक विभाग का एक और खाद्य आपूर्ति विभाग का एक आरोपित शामिल हैं।

विजिलेंस की जनपदवार कार्रवाई

गढ़वाल मंडल

देहरादून- तीन

हरिद्वार – तीन

पौड़ी – तीन

कुमांऊ मंडल

उधमसिंहनगर- 10

नैनीताल- तीन

रिश्वत लेते यह अधिकारी हुए गिरफ्तार

– 25 अप्रैल 2024 को जनपद उधमसिंहनगर के खाद्य आपूर्ति विभाग के विपणन अधिकारी मोहन सिंह टोलिया को 50 हजार रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया।

– 22 मई को जनपद नैनीताल के लघु सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को 50 हजार रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया।

– 25 जून को सहायक आयुक्त राज्य कर शशिकांत दूबे को 75 हजार रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया।

– दो जुलाई को जनपद उधमसिंहनगर के जिला आबकारी अधिकारी अशोक मिश्रा को 70 हजार रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया।

– 12 जुलाई को जनपद हरिद्वार के खंड शिक्षा अधिकारी अयाजुद्दीन को 10 हजार रुपये रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया गया।

24 घूसखोरों के विरुद्ध आरोपपत्र किया दाखिल

विजिलेंस की ओर से गिरफ्तार किए गए 24 घूसखोरों जिनमें चार राजपत्रित व 20 अराजपत्रित अधिकारियों के विरुद्ध शासन से अभियोजन स्वीकृति के प्राप्ति के बाद अदालत में आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं। इनमें से 15 प्रकरणों में न्यायालय में ट्रायल शुरू हो गया है। न्यायालय की ओर से विगत तीन वर्षों से वर्तमान तक 35 मामलों में निर्णय सुनाते हुए 23 आरोपितों को दंडित किया है।

निडर होकर करें शिकायत

आम जनता में अक्सर यह डर होता है कि रिश्वत की शिकायत करने पर उनका काम नहीं होगा या फिर रुक जाएगा। इस डर को खत्म करने के लिए विजिलेंस यह सुनिश्चित कर रहा है कि रिश्वतखोरी की शिकायत को गंभीरता से जांचा जाए। आमजन से अपील है कि यदि राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त कोई अधिकारी व कर्मचारी अपने का दुरुपयोग कर रिश्वत की मांग करता है या उसने आय से अधिक अवैध संपत्ति अर्जित की हो, तो इस संबंध में विजिलेंस के टोल फ्री नंबर-1064 व हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर सूचना दें।

– वी मुरुगेशन, निदेशक विजिलेंस, उत्तराखंड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button