October 18, 2024

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

पुलिस विभाग में 31 जुलाई से पहले होंगे पुलिसकर्मियों के तबादले, इस बार यह रहेगी रणनीति!

Spread the love

देहरादून: पुलिस विभाग में सिपाही से लेकर निरीक्षक तक तबादलों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 31 जुलाई से पहले गढ़वाल व कुमाऊं रेंज में तबादले किए जाने हैं, इसको लेकर पुलिस विभाग की ओर से सभी जिलों के कप्तानों से पहाड़ व मैदानी जिलों में पुलिसकर्मियों के समयकाल का ब्यौरा भी मांग दिया है। वहीं इस बार तय किया है कि जितने पुलिसकर्मी पर्वतीय जनपदों से ट्रांसफर होकर मैदानी जिलों में आएंगे, उतने ही मैदानी जिलों से मैदानी जिलों में भेजे जाएंगे।

पुलिस विभाग की स्थानांतरण नीति 2020 के तहत हर वर्ष 31 मार्च तक सिपाही से निरीक्षक स्तर के कर्मचारियों के तबादले किए जाते हैं। इस साल चुनाव आचार संहिता के कारण अब तक पुलिसकर्मियों के तबादले नहीं हो पाए हैं। पुलिस महानिदेशक की ओर से जारी आदेशों के तहत 31 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पुलिसकर्मियों के तबादले किए जाने हैं। पूर्व में जारी आदेशानुसार अनुकंपा के आधार पर स्थानांतरण की बात कही गई थी लेकिन अब चार मैदानी जिलों व नौ पर्वतीय जिलों में समयसीमा पूर्ण करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले 31 जुलाई तक किए जाने हैं।

पुलिस विभाग की स्थानांतरण नीति के तहत जिन निरीक्षक व दारोगा की तैनाती मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंहनगर व नैनीताल में आठ वर्ष लगातार होगी उन्हें पर्वतीय जनपद जबकि पर्वतीय जनपदों में चार वर्ष पूर्ण करने के बाद मैदानी जनपदों में तैनात किया जाएगा। वहीं मैदानी जिलों में 12 से 16 वर्ष तैनात रहने वाले आरक्षी व मुख्य आरक्षी का तबादला पर्वतीय जिलों में किया जाएगा जबकि छह से आठ वर्ष पर्वतीय जिलों में तैनात रहने वाले आरक्षी व मुख्य आरक्षी को मैदानी जिलों में भेजा जाएगा।

स्थानांतरण में यहां फंस रहा है पेंच

इस साल स्थानांतरण देरी से होने के चलते पहाड़ी जनपदों में नौकरी करने वाले निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी व आरक्षी मैदानी जिलों में आने को तैयार नहीं है। इसका एक कारण यह भी है कि लंबे समय से पहाड़ी जनपदों में ड्यूटी के चलते वह बच्चों का दाखिला निकटवर्ती स्कूलों में कर चुके हैं। मैदानी जिलों के स्कूलों में दाखिलों को लेकर मारामारी है, और स्कूलों का नया सैशन भी शुरू हो चुका है। यही हाल मैदानी जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों का है। हालांकि विभाग की मानें तो जितने पुलिसकर्मी पहाड़ से स्थानांतरण होकर मैदानी जिलों में आएंगे, उतने ही पहाड़ी जिलों में भेजे जाएंगे।

क्या कहते हैं अधिकारी

पुलिसकर्मियों के तबादलों को लेकर होमवर्क पूरा हो चुका है। किसी भी हाल में 31 जुलाई से पूर्व तबादले किए जाने हैं। जितने पुलिसकर्मी पहाड़ी जनपदों से तबादले होकर मैदानी जनपदों में आएंगे उतने ही मैदानी जनपदों में भेजे जाएंगे। एक-दो जिलों से लिस्ट आनी बाकी है, जिसके बाद तबादला सूची जारी की जाएगी।

– करन सिंह नगन्याल, आईजी गढ़वाल रेंज

About Author