राजनीति

बाबी पंवार की वार्षिक आय 20 हजार रुपये, उनके पास गाड़ी न घर, बैंक में सिर्फ 41 हजार रुपये जमा, आठ मुकदमे हैं दर्ज

देहरादून: टिहरी लोकसभा सीट से निर्दल प्रत्याशी बाबी पंवार ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उन्होंने हलफनामे में अपनी चल-अचल संपत्ति समेत अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई है। जिसके मुताबिक बाबी पंवार के साथ कोई वाहन नहीं है और न ही उनके नाम पर कोई घर है। बाबी पंवार के पास पांच हजार रुपये कैश और विभिन्न खातों में लगभग 41 हजार रुपये जमा हैं। इसके अलावा उन पर विभिन्न थानों में आठ मुकदमे चल रहे हैं। बाबी पर सहकारी बैंक की एक लाख 60 हजार रुपये के ऋण की देयता है।

मूल रूप से लाखामंडल जौनसार के रहने वाले बाबी पंवार ने दून के डीएवी पीजी कालेज से आर्ट्स से स्नातक किया है और फिर डाकपत्थर स्थित वीर केसरी चंद महाविद्यालय से बीएड की डिग्री ग्रहण की है। बाबी ने अपना व्यवसाय कृषि व पशुपालन दर्शाया है। जिससे उनकी वार्षिक आय 20 हजार रुपये है। उनके पास लाखामंडल में 127 वर्गमीटर कृषि भूमि है, जिसे उन्होंने वर्ष 2016 में करीब 56 हजार रुपये में खरीदा था। अब इस भूमि का बाजार मूल्य एक लाख रुपये है। बाबी पंवार के पास पांच हजार रुपये कैश हैं और उनके दो निजी बैंक खातों में करीब 19 हजार रुपये और एक व्यावसायिक खाते में 22 हजार रुपये जमा हैं। बाबी पंवार पर देहरादून के डालनवाला, नेहरू कालोनी और शहर कोतवाली के साथ ही बागेश्वर के थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। जिन मामलों में विवेचना गतिमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button