देश विदेश

अमरनाथ हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत, 40 लापता, उत्तराखंड के फंसे यात्रियों को सुरक्षित लाने के सरकार ने प्रयास किए तेज

देहरादून: जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ की पवित्र गुफा के पास बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में 15 श्रद्धालुओं के मौत हो गई है और 40 लोग लापता हैं। मृतकों में सात महिलाएं और 6 पुरुष हैं। दो की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।

अमरनाथ यात्रा में फंसे उत्तराखंड के लोगों को सुरक्षित लाने के लिए सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फोन पर बात की। उन्होंने रक्षा मंत्री से प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाने का अनुरोध किया। सीएम धामी ने कहा कि अमरनाथ में फंसे तीर्थ यात्रियों को रेस्क्यू करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। मालूम हो कि उत्तराखंड भी हर साल हजारों श्रद्धालु अमरनाथ धाम की यात्रा पर जाते है। इस बार भी कई लोग वहां गए हैं। सीएम ने यात्रा मार्ग पर हुई दुर्घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की ईश्वर से कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की भी कामना की।

उत्तराखंड से अमरनाथ यात्रा में गए श्रद्धालु आपदा के बाद जगह-जगह फंस गए हैं। आपदा के बाद उत्तराखंड सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है। सीएम धामी ने तीर्थ यात्रियों से भी फोन पर बात कर उन्हें आश्वासन दिया है कि उन्हें रेस्क्यू कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के बाद उत्तराखंड सरकार भी अलर्ट मोड पर आ गई है। संवदेनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, एसडीआरएफ को भी चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button