देहरादून: एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा चलाए “ऑपरेशन क्रैकडाउन” अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने साईं कॉम्प्लेक्स के तीसरे फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में छापेमारी की, जहां तीन विदेशी महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में निवास करती मिलीं। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान जब उनसे भारत में रहने के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकीं।
संदेह के आधार पर पुलिस ने तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाकर गहन पूछताछ की। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान इरीका (29 वर्ष), निवासी किर्गिजस्तान, करीना (30 वर्ष) और निगोरा नीम (32 वर्ष), दोनों निवासी उज्बेकिस्तान के रूप में बताई।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में उनके पास से एक पासपोर्ट, तीन आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। जांच में सामने आया कि ये सभी भारतीय दस्तावेज फर्जी हैं। इसके आधार पर तीनों महिलाओं को अवैध रूप से भारत में रहने और फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना रायपुर में उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में इरीका ने बताया कि वह वर्ष 2023 में एक साल के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद अपने देश वापस नहीं गई और अवैध रूप से यहीं रहने लगी। वहीं करीना और निगोरा ने खुलासा किया कि वे वर्ष 2022 और 2023 में नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गई थीं। इसके बाद वे दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर रह रही थीं।
तीनों महिलाओं की मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां उन्होंने आपसी संपर्क के जरिए अपने परिचितों की मदद से फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए। जांच में यह भी सामने आया कि निगोरा को पहले बिहार पुलिस द्वारा इसी तरह के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर थी, लेकिन देश वापस जाने के बजाय फिर से अवैध रूप से भारत में रह रही थी।
महिलाओं ने बताया कि वे पिछले 6-7 महीनों से देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर रह रही थीं। पुलिस को पूछताछ में उन लोगों की भी जानकारी मिली है, जिन्होंने इनके फर्जी दस्तावेज बनवाने में मदद की। पुलिस अब उन आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
दून पुलिस का बड़ा एक्शन: बरेली के 2 तस्कर समेत 3 गिरफ्तार, स्मैक बरामद
25 हजार रुपये घूस लेता फॉरेस्टर गिरफ्तार, रेंजर पर भी गिरेगी गाज
ऋषिकेश स्थित आइडीपीएल की पूरी चौकी सस्पेंड, एसएसपी का कड़ा रुख