देहरादून: एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाई व बैरक में सफाई व्यवस्था सही न होने पर नाराजगी जताई वहीं परिवहन शाखा में अभिलेखों को सहीं ढंग से रखने पर संबंधित अधिकारी फटकार लगाई। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और परेड के दौरान एसएसपी ने स्वयं अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाते हुए उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से चुस्त दुरूस्त रहने के लिए प्रेरित किया।

परेड समाप्ति के बाद पुलिस लाइन के भ्रमण के दौरान क्वार्टर गार्द के निरीक्षण में बैरक में सफाई व्यवस्था सही न मिलने पर एसएसपी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए गार्द कमांडर व उपस्थित पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि अनुशासन के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने वाहनों की लाग बुक एवं रनिंग रजिस्टरों को चेक करते हुए रजिस्टरों को सही ढंग से न रखने पर उप निरीक्षक परिवहन शाखा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सभी रजिस्टरों व लाग बुकों को नियमित रूप से रखने और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर के निरीक्षण के दौरान बैरिकों व मैस में सफाई व्यवस्था पर असंतोष जाहिर करते हुए एसएसपी ने मैस सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने तथा मैस में रिक्रूट आरक्षियों के लिए भोजन की गुणवत्ता को उच्च कोटी की रखने तथा मैस के गोदाम में कच्चे राशन के भंडारण को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। बम निरोधक दस्ता शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने शाखा प्रभारी से उनके पास उपलब्ध उपकरणों तथा किसी आकस्मिक स्थिति की सूचना पर उनकी ओर से की जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही किसी संदिग्ध वस्तु व बम की सूचना पर आपसी समन्वय के साथ त्वरित सर्च अभियान व कार्रवाई के लिए थाना पुलिस तथा बम डिस्पोजल टीम के कर्मियों का प्रशिक्षण कराए जाने के निर्देश दिए।

पुलिस लाइन भ्रमण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक से लाइन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए एसएसपी ने निर्माण कार्यों में लगी संबंधी कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारियों से वार्ता करते हुए उन्हें निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता उच्चकोटि की रखने के निर्देश दिए गए।

More Stories
न्यायालयों की सुरक्षा होगी अभेद्य, तैनात होगा आतंक विरोधी दस्ता
एनएच-74 घोटाला: ED ने अटैच की 13.89 करोड़ की संपत्ति
सिडकुल में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज़ों का खेल, एसटीएफ का बड़ा खुलासा