अपराध

CO पौड़ी को सौंपी टिहरी के केशव द्वारा पुलिस पर लगाए बर्बरता के आरोपों की जांच

देहरादून: टिहरी के युवक की ओर से पुलिस पर लगाए बर्बरता व अमानवीय व्यवहार के आरोप की जांच सीओ पौड़ी को सौंपी गई है। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने शुक्रवार को इस मामले में निर्देश जारी किए हैं। आईजी गढ़वाल ने एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल को भी घटना की पूरी जांच करवाने के निर्देश जारी किए।

शुक्रवार को मामला सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ तो पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई। तमाम अधिकारी घटना के बारे में जानकारी लेते रहे। आइजी गढ़वाल ने कहा कि घटना की वास्तविकता और निष्पक्ष जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। घटना में यदि कोई आरोपी पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

टिहरी के लंबगांव निवासी केशव थलवाल ने टिहरी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केशव ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से वह पुलिस की हर छोटी-बड़ी नाकामी को मुखरता से उठाता रहा है। इसी से गुस्साए थानाध्यक्ष लंबगांव और दो एसआइ नौ मई 2025 की शाम उसे एसएसपी के बुलावे की बात कहकर कार में बैठाकर ले गए। उसे कोटी कालोनी चौकी ले जाया गया। आरोप है कि मानवता की सभी हदें पार कर उसकी निर्ममता से पिटाई की गई। केशव का आरोप है कि इसके बाद जाख तिराहे पर ले जाकर चाकू थमा दिया। केशव के अनुसार पुलिस की बर्बरता के बाद वह चार माह तक जेल में रहा। कुछ ही दिन पहले छूटकर आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button