देहरादून: साइबर ठगों ने रिटायर्ड टीचर को डिजीटल अरेस्ट कर उनसे 32.17 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने कहा कि उनके बेटा जोकि विदेश में रहता है, वह पकड़ा गया है। उनके मोबाइल में कुछ संवेदनशील दस्तावेज मिले हैं। ऐसे में पुलिस जल्द आपको को गिरफ्तार कर सकती है। साइबर ठग बुजुर्ग दंपति को 11 दिन तक घर पर डिजीटल अरेस्ट कर उनसे रुपये ट्रांसफर करवाते रहे। लगातार गिरफ्तारी की धमकी के चलते बुजुर्ग ने पुलिस के पास शिकायत दी, जिसके बाद अब साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सेवानिवृत अध्यापिका सुषमा पंत निवासी कैंट उम्र 87 वर्ष ने बताया कि 19 नवंबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। थोड़ी ही देर बाद उसी नंबर से वीडियो काल की गई। काल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन का पुलिस अधिकारी बताया। काल के दौरान व्यक्ति ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी और स्वयं को कोलाबा पुलिस का अधिकारी बता रहा था। व्यक्ति ने कहा कि आपका बेटा विदेश में रहता है वह आपराधिक मामले में पकड़ा गया है। धमकाया कि आपको डिजीटल अरेस्ट किया गया है, आपको कहीं भी जाने की अनुमति नहीं है। व्यक्ति ने झूठा आरोप लगाते हुए फंसाने की धमकी दी और उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाया।
ठगों ने उन्हें बैंक खातों से रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। जालसाज़ी व षड्यंत्र रचते हुए 19 नवंबर को 27.12 लाख रुपये अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराए। इसके बाद 20 नवंबर को सर्वोच्च न्यायालय के नाम पर पत्र भेजा और 2.05 लाख रुपये टैक्सेशन विभाग के खाते में जमा कराने की बात कहकर अपने खाते में ट्रांसफर कराए। इसके बाद 26 नवंबर को फिर व्यक्ति ने गिरफ्तारी का डर दिखाकर तीन लाख रुपये ट्रांसफर करवाए। 29 नवंबर को काल कर धमकी दी कि तत्काल सात लाख रुपये जमा करो। कहा कि जब तक यह धनराशि जमा नहीं करोगे तब तक केस बंद नहीं होगा।
इसके बाद किसी रिश्तेदार से बात करने पर पता चला कि वह साइबर ठगी की शिकार हो चुकी हैं। इस तरह से साइबर ठगों ने उनसे कुल 32.17 लाख रुपये की ठगी कर दी। पीड़ित ने बताया कि वह अपने बुजुर्ग पति के साथ घर पर अकेली रहती हैं, ऐसे में डर के मारे वह चुपचाप खातों में रकम जमा करती रही। कुछ रकम उन्होंने अपने खाते से जबकि कुछ रकम अपने पति के खाते से साइबर ठगों के खातों में जमा किए।

More Stories
प्रेम प्रसंग के चलते MCA के छात्र-छात्रा ने एक दूसरे को मारा चाकू
दरिंदगी: पत्नी व बेटे की हत्या कर पति हुआ फरार, ऐसे खुला राज
फंदे पर झूल रहे व्यक्ति के लिए देवदूत बनी दून पुलिस, समय रहते बचाई जान