देहरादून: मंगलवार रात को बड़ोवाला में बैंककर्मी पर फायरिंग मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने उसकी पूर्व प्रेमिका व फायरिंग की घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार रात को मुठभेड़ के बाद पटेलनगर कोतवाली पुलिस शूटर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि प्यार में धोखा मिलने पर पूर्व प्रेमिका ने 05 लाख रुपये सुपारी देकर बैंककर्मी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
पत्रकारों की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब बेखौफ से देते हुए साजिशकर्ता मालिया ने कहा कि सत्यम ने उसे दिमागी व वित्तीय रूप से प्रताड़ित किया। इससे उससे बहुत दुख हुआ, वह पूरी तरह से टूट चुकी थी। इस मामले में उसने कनखल थाने में भी शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परेशान होकर उसने शूटर हायर किए और सत्यम को गोली मरवाई।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी व एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सत्यम कुमार निवासी भगवानवाला धामपुर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी डीएसपी चौक बड़ोवाला 08 जुलाई की देर शाम वी मार्ट मंडी चौक बड़ोवाला से अपनी स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बडोवाला की ओर उनके पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे अपनी मोटरसाइकिल को रोककर उन्हें जान से मारने की नियत से उन पर फायर कर दिया। गोली सत्यम कुमार के दाएं तरफ मांस छीलते हुए निकल गई। इस मामले में साक्षी चौहान निवासी असलमपुर भुल्लन नगीना देहात जिला बिजनौर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के नेतृत्व में बनी टीम को शुक्रवार रात को सूचना मिली कि घटना में शामिल दोनों आरोपित दोबारा देहरादून आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्धों की तलाश की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने गोरखपुर चौक पर एक बिना नंबर की संदिग्ध बाइक पर सवार व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार पुलिस टीम को देख मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक सवार चाय बागान पगडंडी पर अपनी मोटरसाइकिल को छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग गए।
पुलिस ने अपने बचाव में जवाबी फायर किया तो एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार व मौके से फरार बदमाश की पहचान अंकुर निवासी लोको मोहल्ला पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई। गोली लगने से घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में अंकित चौहान ने बताया कि वह रानीपुर निवासी अपने परिचित मोहित के माध्यम से मालिया रहमान नामक युवती से पहचान हुई थी। मालिया रहमान के कहने पर कुछ दिन पूर्व अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंक कर्मी को जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की थी।
शुक्रवार रात को वह मोहित व मालिया के कहने पर घटना में शामिल अपने साथी अंकुर के साथ फिरौती की बची हुई रकम को लेने देहरादून आ रहे थे। घटना में शामिल आरोपित मालिया रहमान तथा उसके साथी मोहित को पुलिस ने देर रात आइएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपित अंकुर की तलाश के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही है।
पहले युवती की शादी तुड़वाई फिर चुपके से कर ली सगाई
पूछताछ में घटना की मुख्य साजिशकर्ता मालिया रहमान ने बताया कि वर्ष 2020 से वर्ष 2023 तक वह उज्जीवन बैंक हरिद्वार में कार्यरत थी। इस दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी, जो उसके साथ उक्त बैंक में काम करता था, जिसके बाद दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे। वर्ष 2023 में स्वजनों के दबाव में उसने सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से शादी कर ली तथा उज्जीवन बैंक से नौकरी छोड़कर उत्कर्ष बैंक में नौकरी शुरू कर दी। शादी के बाद भी सत्यम उसे फोन करता रहा और वह दोनों एक दूसरे के संपर्क में रहे। ऐसे में उसकी शादी टूट गई और वह अपने मायके में रहने लगी। वर्ष 2025 में सत्यम उज्जीवन बैंक की देहरादून शाखा में आ गया। सत्यम सालों तक उसके संपर्क में रहते हुए उसे शादी का झांसा देता रहा तथा फरवरी 2026 में उसने किसी अन्य लड़की से सगाई कर ली। सगाई के बाद सत्यम ने धीरे-धीरे उससे संपर्क बंद कर दिया।
पांच लाख रुपये की दी सुपारी, एडवांस दिए 1.20 लाख
सत्यम से मिले धोखे से आहत होकर मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मालिया अपने एक साथी मोहित के माध्यम से अंकित चौहान जो पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है, से मिली तथा सत्यम को मारने के एवज में उसे मोटी धनरशि देनेका आफ देते हए उसे 05 लाख देने की बात कही। एडवांस्ड के तौर पर उसे 1.20 हजार रुपए दिए तथा बाकी की रकम सत्यम को रास्ते से हटाने के बाद देने की बात कही गई। मालिया ने अंकित चौहान को सत्यम की फोटो देते हुए देहरादून में उज्जीवन बैंक का कार्यालय दिखाया गया था।

More Stories
पेपर लीक घोटाले में ED का शिकंजा, पूर्व सीएम हरीश रावत के ओएसडी के घर रेड
पटेलनगर क्षेत्र में आधी रात मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली; साथी फरार
बडोवाला में बैंककर्मी पर दबंगों ने झोंका फायर, गोली कर्मी के पेट को छूकर निकली