देहरादून। अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दून पुलिस कप्तान (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने बड़ी कार्रवाई की है। ऋषिकेश क्षेत्र में जुआ खेलने की सूचना पर हुई छापेमारी के बाद लापरवाही बरतने वाले आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को 27 मार्च 2026 की रात ऋषिकेश क्षेत्र के एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली ऋषिकेश की टीम ने हरिद्वार रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास होटल नवरंग में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। मौके से जुआ खेलने की सामग्री, नगद धनराशि और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस टीम ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में चौकी स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि आईडीपीएल चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखा और नियमित चेकिंग अभियान में भी शिथिलता बरती।
लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने सख्त कदम उठाते हुए आईडीपीएल चौकी के समस्त स्टाफ को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस की सख्ती और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

More Stories
एसएसपी ने किए इंस्पेक्टर व दारोगाओं के तबादले, जल्द आ सकती आएगी दूसरी लिस्ट
सेलाकुई में छात्रों की गुटबाजी पर सख्त हुई पुलिस, शिक्षण संस्थानों को दिए कड़े निर्देश
एसएसपी की दो टूक, शिक्षा की आड़ में माहौल खराब करने वाले जाएंगे जेल